राजग के ‘मंगल मिलन’ में खेलों में उपलब्धियों और रोजगार के अवसर बढ़ने पर प्रस्तुतिकरण दिए गए

राजग के ‘मंगल मिलन’ में खेलों में उपलब्धियों और रोजगार के अवसर बढ़ने पर प्रस्तुतिकरण दिए गए

राजग के ‘मंगल मिलन’ में खेलों में उपलब्धियों और रोजगार के अवसर बढ़ने पर प्रस्तुतिकरण दिए गए
Modified Date: August 4, 2026 / 12:22 pm IST
Published Date: August 4, 2026 12:22 pm IST

( तस्वीरों सहित )

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों की मंगलवार को हुई साप्ताहिक बैठक में इस बारे में प्रस्तुतिकरण दिया गया कि भारत अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में किस तरह उपलब्धियां अर्जित कर रहा है तथा देश में रोजगार पैदा करने के रास्ते बढ़े हैं जिससे युवाओं के लिए करोड़ों अवसर सृजित हो रहे हैं।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री और राजग के घटक दलों के नेता शामिल हुए।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को यहां संसद भवन परिसर में हुई ‘मंगल मिलन’ बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के बगल में बैठे दिखे। यह बैठक बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा की हार के एक दिन बाद हुई, जहां उसके उम्मीदवार को चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने उपचुनाव में हरा दिया है।

भाजपा का गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में उपचुनाव इसलिए ज़रूरी हो गया था क्योंकि नवीन ने पार्टी अध्यक्ष बनने और राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद सीट छोड़ दी थी।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने खेलों पर एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया और कहा कि मोदी सरकार ने 2014 में एक खेल नीति अपनाई थी, जिसके परिणामस्वरूप भारत को अब ओलंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेल जैसी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में स्वर्ण समेत कई अवॉर्ड मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रोजगार देने के तरीकों पर एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण भी दिया गया और बताया गया कि युवाओं के लिए रोजगार के मौके दिन-ब-दिन बढ़े हैं।

तिवारी ने कहा, ‘‘हमें मंगल मिलन में बताया गया कि 2004 से 2014 के बीच, जब संप्रग सत्ता में था, सिर्फ 2.89 करोड़ युवाओं को नौकरी मिली, जबकि 2014 से 2026 के बीच कुल 17.1 करोड़ युवाओं को रोजगार मिला।’’

उन्होंने कहा कि राजग संसदीय दल की बैठक में सरकार की अलग-अलग सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी प्रस्तुतिकरण दिया गया।

भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी ने बैठक के बारे में कहा, ‘‘मंगल मिलन में मंगल ही होता है।’’

राजग के सहयोगी दल जदयू, जद(एस), राकांपा, शिवसेना और एनसीपीआई के प्रतिनिधि भी बैठक में शामिल हुए।

तृणमूल कांग्रेस से अलग हुए एनसीपीआई नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि वह पहली बार राजग संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं देश के सबसे वरिष्ठ सांसदों में से एक हूं। एनसीपीआई में सभी एकजुट हैं। यह एक अच्छा अनुभव है।’’

बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विदेश मंत्री एस जयशंकर के अलावा अन्य मंत्री और नेता भी शामिल हुए।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में