केरलम : कोट्टयम में व्यक्ति की हत्या मामले में माकपा पंचायत सदस्य सहित छह गिरफ्तार
केरलम : कोट्टयम में व्यक्ति की हत्या मामले में माकपा पंचायत सदस्य सहित छह गिरफ्तार
कोट्टयम, 18 सितंबर (भाषा) केरलम में कोट्टयम जिले के मणिमाला में 48 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत के मामले में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक पंचायत सदस्य सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार लोगों पर मणिमला के करीकट्टूर निवासी शिबू खान के साथ कथित तौर पर मार-पीट करने का आरोप है।
आरोपियों की पहचान मणिमाला में पंचायत सदस्य जोजी जॉन, शिबिन सैम, अमल राज, जोबिन राजन, किरण और निखिल अय्यप्पन के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को मणिमाला के नजदीक एक रबर बागान में शिबू का शव मिला। उससे एक दिन पहले ही आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर और एक अन्य व्यक्ति पर हमला किया था।
पुलिस के अनुसार, शिबू और उसके दोस्त ने कथित तौर पर जोजी के घर में घुसकर मानसिक समस्या का सामना कर रही उसकी मां के साथ मारपीट की थी। उसने बताया कि इस घटना के बाद, जोजी और उसके दोस्तों ने कथित तौर पर शिबू और उसके दोस्त पर हमला किया।
शिबू के मृत पाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने गड़बड़ी की आशंका जताई थी।
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को कोट्टयम चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में कराए गए पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि शिबू के अंदरूनी अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा था जिसकी वजह से उसकी मौत हुई।
अधिकारियों ने बताया कि सबूत एकत्र करने के बाद जोजी और अन्य पांच लोगों से पूछताछ की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
भाषा धीरज वैभव
वैभव

Facebook


