प्रधानमंत्री युवाओं के प्रति जवाबदेह; कब तक बर्बाद होता रहेगा भविष्य: प्रियंका गांधी

Ads

प्रधानमंत्री युवाओं के प्रति जवाबदेह; कब तक बर्बाद होता रहेगा भविष्य: प्रियंका गांधी

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 06:54 PM IST

नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी’ में कथित अनियमितता को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं के प्रति जवाबदेह हैं और ऐसे में नौजवनों का भविष्य बर्बाद करने का सिलसिला कब तक जारी रहेगा।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने कहा है कि नीट (स्नातक) 2026 का आयोजन “पूर्ण सुरक्षा प्रोटोकॉल” के तहत किया गया तथा कथित अनियमितताओं की राजस्थान एसओजी (विशेष अभियान समूह) द्वारा की जा रही पड़ताल की खबरों के बीच वह जांच एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है।

स्नातक स्तर पर चिकित्सा शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्रों के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा तीन मई को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) आयोजित की गई थी।

प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘एक बार फिर से नीट-यूजी की परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी को लेकर खबरें छप रही हैं। भाजपा राज में पिछले कई साल से परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार देश के युवाओं से उनका भविष्य छीन रहा है। इस बार भी तकरीबन 23 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘नीट जैसी परीक्षाओं के लिए बच्चे जी-जान से मेहनत करते हैं। माता-पिता अपना सबकुछ दांव पर लगाते हैं, ताकि बच्चों का भविष्य बने, लेकिन हर परीक्षा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है।’’

कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि संसद में पेपर लीक के खिलाफ लाये गये कथित सख्त कानून का क्या फायदा हुआ, अगर ज़मीनी तौर पर वही भ्रष्टाचार जारी है?

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी देश के युवाओं के प्रति जवाबदेह हैं। युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का यह सिलसिला कब तक चलेगा?

भाषा हक हक सुरेश

सुरेश