राजग की रैली के रास्ते में अचानक रोड शो कर प्रधानमंत्री मोदी भी हुए चकित
राजग की रैली के रास्ते में अचानक रोड शो कर प्रधानमंत्री मोदी भी हुए चकित
(तस्वीर समेत)
तिरुवल्ला (केरल), चार अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चांगनास्सेरी कस्बे के एक हेलीपैड से यहां एक रैली के लिए यात्रा उस समय एक अनिर्धारित रोड शो में तब्दील हो गई जब लगभग आठ किलोमीटर लंबे मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों लोग उनकी झलक पाने के लिए खड़े रहे जिससे स्वयं प्रधानमंत्री भी हैरान रह गए।
मोदी का स्वागत करने के लिए उमड़ी भीड़ को देखकर प्रधानमंत्री ने अपने वाहन के ‘फुटबोर्ड’ (पायदान) पर खड़े होकर भीड़ की ओर हाथ हिलाकर उसका अभिभावद किया। इस दौरान उनका काफिला बहुत धीमी गति से आगे बढ़ा। काफिले की इतनी रफ्तार आम तौर पर रोड शो के दौरान रखी जाती है।
प्रधानमंत्री ने अपने हाथ में पकड़ा कमल का चिह्न भी भीड़ की ओर लहराया और पूरे रास्ते लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए उनके मार्ग में हर उम्र और हर तबके के लोग खड़े थे।
रैली में मोदी ने इस अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि जनसभा के लिए स्टेडियम में मौजूद लोगों से ज्यादा लोग सड़क किनारे उनके इंतजार में खड़े थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बहुत हैरान था क्योंकि कोई रोड शो निर्धारित नहीं था लेकिन पूरे रास्ते बड़ी संख्या में लोग थे। लोग मानव शृंखला की बात करते हैं लेकिन मेरे रास्ते में मौजूद लोगों ने तो मानव दीवार बना दी थी।’’
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी इस अनिर्धारित रोड शो का एक वीडियो साझा किया और उसके साथ संदेश लिखा, ‘‘तिरुवल्ला ने मेरा इस तरह स्वागत किया! इस स्नेह के लिए आभारी हूं।’’
मोदी कोच्चि पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए कोट्टायम जिले के चांगनास्सेरी एनएसएस कॉलेज मैदान गए। वहां से वह सड़क मार्ग से पत्तनमथिट्ठा जिले के तिरुवल्ला स्टेडियम पहुंचे।
रैली में उन्होंने तिरुवल्ला विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अनूप एंटनी का जिक्र करते हुए कहा कि जहां इस चुनाव में केरल को लाभ होगा, वहीं उन्हें निजी तौर पर कुछ खोना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘राजग उम्मीदवार अनूप ने पिछले पांच साल से पूरी निष्ठा के साथ मेरे साथ काम किया है। वह एक भरोसेमंद सहयोगी रहे हैं – शांत, ईमानदार और अथक मेहनत करने वाले- जो चौबीसों घंटे काम करते रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगा कि केरल को इस युवा नेता की सेवा और ऊर्जा की जरूरत है। आज मैं केरल की जनता की सेवा के लिए अनूप को आपको सौंपता हूं।’’
पत्तनमथिट्ठा जिले के अन्य निर्वाचन क्षेत्रों से राजग उम्मीदवार भी मंच पर मौजूद थे।
मोदी को इस दौरान कई उपहार दिए गए जिनमें कथकली का मुकुट, भगवान मुरुगन से जुड़ा भाले जैसा दैवीय समझा जाने वाला अस्त्र ‘वेल’, मिश्रित धातु से बना एक हस्तनिर्मित दर्पण अरनमुला कन्नड , ईसा मसीह की एक प्रतिमा और केरल का एक पारंपरिक ताल वाद्य यंत्र पदयानी थप्पू शामिल हैं।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने मंच पर कुछ देर यह वाद्य यंत्र बजाया, जिस पर जनसभा में उपस्थित भीड़ ने जबरदस्त प्रतिक्रिया दी।
भाषा
सिम्मी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


