प्रधानमंत्री की मितव्ययिता मुहिम: दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने मेट्रो से सफर किया

प्रधानमंत्री की मितव्ययिता मुहिम: दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने मेट्रो से सफर किया

प्रधानमंत्री की मितव्ययिता मुहिम: दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने मेट्रो से सफर किया
Modified Date: May 13, 2026 / 10:57 am IST
Published Date: May 13, 2026 10:57 am IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्ययिता मुहिम के अनुरूप दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बुधवार को मेट्रो से यात्रा की। उन्होंने संकल्प लिया कि वह अब केवल सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करेंगे या आवश्यकता पड़ने पर केवल एक आधिकारिक वाहन का इस्तेमाल करेंगे।

मिश्रा ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों ने प्रधानमंत्री की अपील को प्रतिबद्धता के साथ लागू करना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा, ‘मैं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करूंगा या आवश्यकता होने पर ही केवल एक सरकारी वाहन का उपयोग करूंगा।’

यह घटनाक्रम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा ‘एक्स’ पर दिल्ली के मंत्रियों, पार्टी विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा आधिकारिक वाहनों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा के एक दिन बाद आया है।

गुप्ता ने कहा कि वह और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी सरकारी वाहनों के उपयोग को न्यूनतम करेंगे, इसके बजाय, वे अब एक ही वाहन में साझा यात्रा (कारपूलिंग) और सार्वजनिक परिवहन के साधनों के उपयोग को प्राथमिकता देंगे।

इसी क्रम में दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने भी मंगलवार को निरीक्षण दौरे के लिए मेट्रो से सफर किया था।

भाषा सुमित वैभव

वैभव


लेखक के बारे में