प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम ने भारत के बढ़ते प्रौद्योगिकी नेतृत्व पर प्रकाश डाला: सावंत
प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम ने भारत के बढ़ते प्रौद्योगिकी नेतृत्व पर प्रकाश डाला: सावंत
पणजी, 22 फरवरी (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 131वीं कड़ी की सराहना करते हुए कहा कि इसमें प्रौद्योगिकी, कृषि और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में भारत के बढ़ते नेतृत्व को प्रमुखता से उजागर किया गया।
सावंत ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री का ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका का उल्लेख देश की प्रौद्योगिकी प्रगति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सुनना प्रेरणादायक था कि एआई का उपयोग केवल अत्याधुनिक नवाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी किया जा रहा है-चाहे वह डेयरी किसानों को चौबीसों घंटे पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी में मदद हो या प्राचीन पांडुलिपियों और पारंपरिक ज्ञान को भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित करना हो।’’
सावंत ने प्रधानमंत्री द्वारा भारत के दुनिया के सबसे बड़े चावल उत्पादक के रूप में उभरने के उल्लेख का भी जिक्र किया और इसे उन किसानों की ताकत का प्रमाण बताया जो आधुनिक तकनीकों और मूल्यवर्धित कृषि के साथ परंपरा का मिश्रण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तिरुनवाया में केरल के माघ कुंभ को फिर से जीवंत किए जाने का उल्लेख भारत की सभ्यतागत निरंतरता और ‘विविधता में एकता’ की भावना को दर्शाता है। सावंत ने कहा कि अलग-अलग नदियों और क्षेत्रों के बावजूद आस्था एवं संस्कृति की एक साझा धारा देश को एक सूत्र में बांधे रखती है।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


