प्रियंका गांधी का असम दौरा 18 फरवरी से, पार्टी बैठकों में होंगी शामिल

प्रियंका गांधी का असम दौरा 18 फरवरी से, पार्टी बैठकों में होंगी शामिल

प्रियंका गांधी का असम दौरा 18 फरवरी से, पार्टी बैठकों में होंगी शामिल
Modified Date: February 15, 2026 / 07:11 pm IST
Published Date: February 15, 2026 7:11 pm IST

गुवाहाटी, 15 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा 18 फरवरी से असम के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी और इस दौरान पार्टी की कई बैठकों में शामिल होंगी। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के एक नेता ने रविवार को यह जानकारी दी।

असम में आगामी कुछ महीने में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है और इसके मद्देनजर प्रियंका गांधी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी आगामी असम विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष हैं।

कांग्रेस की असम इकाई के महासचिव (संगठन) बिपुल गोगोई ने एक बयान में कहा कि वाद्रा इन दो दिनों के दौरान कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें करेंगी।

उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी राजनीतिक मामलों की समिति, विधायकों, जिला अध्यक्षों, विधायक दल के नेता, कार्यकारी अध्यक्षों, सांसदों, विभिन्न प्रकोष्ठ प्रमुखों और बूथ समिति प्रमुखों आदि के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगी।

गोगोई ने बताया कि वाद्रा 19 फरवरी की शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

असम विधानसभा के 126 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव इस साल मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है। कांग्रेस कई अन्य विपक्षी दलों के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

लोकसभा सदस्य इमरान मसूद और सप्तगिरि शंकर उलका के साथ ही सिरिवेल्ला प्रसाद स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत अमित

अमित


लेखक के बारे में