केरल में छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में उसके सहपाठियों के खिलाफ जांच शुरू

Ads

केरल में छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में उसके सहपाठियों के खिलाफ जांच शुरू

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 12:51 PM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 12:51 PM IST

पत्तनमथिट्ठा (केरल), चार जुलाई (भाषा) पुलिस ने पत्तनमथिट्ठा में 13 वर्षीय छात्रा का उसके सहपाठियों द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने के मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि जिले के एक विद्यालय में नौवीं कक्षा की छात्रा के छह नाबालिग सहपाठियों के खिलाफ शुक्रवार को कूडल थाने में दो मामले दर्ज किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विद्यालय में ‘काउंसलिंग’ सत्र के दौरान पीड़िता ने खुलासा किया कि उसके सहपाठियों ने उसका यौन उत्पीड़न किया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि विद्यालय परिसर एवं उसके बाहर भी उसका यौन उत्पीड़न किया गया और एक बार पीड़िता का उसकी एक सहपाठी के घर पर उत्पीड़न किया गया।

पीड़िता के बयान के आधार पर 11 लोगों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए गए हैं और वे सभी नाबालिग हैं।

पुलिस ने कहा कि कुछ छात्र दोनों मामलों में आरोपी हैं और कुल छह नाबालिगों के खिलाफ जांच की जा रही है।

उसने कहा कि इस घटना में कुछ और लोगों के शामिल होने का संदेह है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और बाल कल्याण समिति के सदस्यों की सहायता से उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।

पुलिस ने कहा कि घटना के सिलसिले में दो अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

भाषा

सिम्मी रंजन

रंजन