कॉलेज के कार्यक्रम में प्रोफेसर ने छात्र का कॉलर पकड़ा, एनएसयूआई ने माफी की मांग की

Ads

कॉलेज के कार्यक्रम में प्रोफेसर ने छात्र का कॉलर पकड़ा, एनएसयूआई ने माफी की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 10:25 PM IST

अहमदाबाद, 24 सितंबर (भाषा) निर्मा विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर द्वारा यहां एक ‘स्टैंड-अप कॉमेडी शो’ के दौरान कथित तौर पर एक छात्र का कॉलर पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस से संबद्ध ‘नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया’ (एनएसयूआई) ने इस घटना पर माफी और जांच की मांग की है।

यह घटना कथित तौर पर विश्वविद्यालय के ‘इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’ के छात्रों द्वारा 18 से 20 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम ‘टेक्नोफोरा 2026’ के दौरान हुई।

वीडियो में देखा जा सकता है कि कॉमेडियन के कार्यक्रम के दौरान एक प्रोफेसर ने दर्शक दीर्घा में बैठे एक छात्र को मंच पर बुलाया और उसका कॉलर पकड़ लिया।

दावा किया जा रहा है कि जब प्रोफेसर मंच से बोल रहे थे, तब छात्र ने बॉलीवुड फिल्म के एक संवाद का जिक्र करते हुए चिल्लाकर कहा, ‘जल्दी कर, पनवेल निकलना है’, जिससे प्रोफेसर नाराज हो गए।

वीडियो में प्रोफेसर को छात्र को धमकाते हुए सुना जा सकता है।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय समन्वयक भाविक सोलंकी ने एक बयान में दावा किया कि छात्र के साथ अनुचित व्यवहार किया गया और उन्होंने प्रोफेसर से माफी मांगने के साथ ही घटना की जांच की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर एनएसयूआई विरोध प्रदर्शन करेगा।

निजी विश्वविद्यालय ने टिप्पणी के लिए भेजे गए ईमेल का जवाब नहीं दिया।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश