जम्मू में कश्मीरी विस्थापितों के कल्याण के लिए सात करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी
जम्मू में कश्मीरी विस्थापितों के कल्याण के लिए सात करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी
श्रीनगर, आठ जून (भाषा) जम्मू कश्मीर सरकार ने जम्मू में रह रहे कश्मीरी विस्थापितों के लिए सुविधाओं को मजबूत करने और कल्याणकारी उपायों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को 7.05 करोड़ रुपये की प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दी।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां बताया कि मंजूर परियोजनाओं में जम्मू के मुथी विस्थापित शिविर में बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन का निर्माण करना शामिल है। इस भवन में एक पुस्तकालय और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के लिए अलग दुकानें भी होंगी।
उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विस्थापित शिविर में सामाजिक सहायता व्यवस्था को बेहतर बनाना, सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना है।
प्रवक्ता ने बताया कि इसके अलावा जम्मू में राहत एवं पुनर्वास आयुक्त (विस्थापित) के लिए नए कार्यालय भवन के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
अधिकारी के अनुसार, मंजूर कार्यों की तकनीकी रूप से स्वीकृत कुल लागत 7.05 करोड़ रुपये है।
इस बीच, मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने प्रधानमंत्री रोजगार पैकेज के तहत कश्मीर संभाग में कार्यरत कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा और समाधान के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने राहत आयुक्त (विस्थापित) को निर्देश दिया कि पैकेज के तहत पात्र कर्मचारियों को उन सभी आवासों का कब्जा इस वर्ष जुलाई के अंत तक हर हाल में दिलाया जाए जो पूरी तरह तैयार हैं।
मुख्य सचिव ने विभिन्न स्थलों पर निर्माणाधीन फ्लैटों की स्थिति की भी समीक्षा की।
आपदा प्रबंधन, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण विभाग के प्रधान सचिव चंद्राकर भारती ने विभाग द्वारा चलाई जा रही पुनर्वास और पुनर्स्थापन पहलों का बैठक में विस्तृत विवरण दिया।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष

Facebook


