श्रीनगर में मादक पदार्थ तस्करों की साढ़े तीन करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
श्रीनगर में मादक पदार्थ तस्करों की साढ़े तीन करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
श्रीनगर, छह जून (भाषा) श्रीनगर में दो कथित मादक पदार्थ तस्करों की करीब 3.5 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई मादक पदार्थ तस्करों पर पुलिस की धरपकड़ और ‘नशा मुक्त जम्मू कश्मीर अभियान’ के तहत कथित तौर पर नशीले पदार्थों के धंधे से बनाई गई संपत्तियों को निशाना बनाने की कोशिशों के साथ की गई।
पहले मामले में, निगीन थाना पुलिस ने एनडीपीएस कानून की धारा 68(एफ)(1) के तहत करीब 1.30 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की।
प्रवक्ता ने बताया कि कुर्क की गई संपत्ति में हजरतबल में हब्बक क्रॉसिंग पर दो मंजिला रिहायशी घर और जमीन शामिल है जो राहिल मंज़ूर मल्ला नामक व्यक्ति की है।
वहीं, एक अलग कार्रवाई में, सौरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68(एफ) के तहत करीब 2.20 करोड़ रुपये का एक मकान कुर्क किया, जो अपर सौरा में कील खान गली के रहने वाले आदिल राशिद गुडू का है, जिस पर कथित तौर पर मादक पदार्थ तस्करी में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान, दोनों संपत्तियों की पहचान कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी से बनाई गई जायदाद के तौर पर की गई है।
इसने कहा कि इन संपत्तियों को एनडीपीएस कानून के प्रावधानों के तहत औपचारिक रूप से कुर्क किया गया है।
भाषा वैभव नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


