गोवा विधानसभा में जुआरी बांध परियोजना पर विरोध, चार हिरासत में
गोवा विधानसभा में जुआरी बांध परियोजना पर विरोध, चार हिरासत में
पणजी, छह मार्च (भाषा) गोवा के बजट सत्र के पहले दिन शुक्रवार को जुआरी नदी पर प्रस्तावित बांध के विरोध में विधानसभा की दर्शक दीर्घा से प्रदर्शन करने के बाद चार लोगों को हिरासत में लिया गया।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस विरोध प्रदर्शन की आलोचना की तथा इस व्यवधान को ‘आतंकवादी जैसा रवैया’ करार दिया।
राज्य विधानसभा का 17 दिवसीय बजट सत्र सुबह 11.30 बजे शुरू हुआ और कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दर्शक दीर्घा में बैठे चार व्यक्तियों ने नारेबाजी की और तख्तियां दिखाईं।
विरोध करने वाले लोग कुशावती जिले के मिराबाग गांव में जुआरी नदी पर प्रस्तावित बांध के खिलाफ प्रदर्शन का हिस्सा थे। गांव वाले पिछले 25 दिनों से इस परियोजना के खिलाफ धरना दे रहे हैं क्योंकि उन्हें डर है कि बांध के जलाशय के कारण 500 घर डूब जाएंगे।
नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सदन में कहा कि प्रदर्शनकारियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
सदन में कुछ मिनटों तक चले हंगामे के बीच उन्होंने कहा, ‘हम सदन में इस तरह के व्यवहार को बर्दाश्त नहीं कर सकते। यह एक आतंकवादी जैसा रवैया है। आप आज यह कर रहे हैं, कल आप गोलियां भी चला सकते हैं।’
गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायक विजय सरदेसाई ने कहा कि प्रदर्शनकारी सदन तक इसलिए पहुंचे क्योंकि 25 दिनों से जारी विरोध के बावजूद सरकार ने उनकी बात सुनने से इनकार कर दिया था।
विधानसभा मार्शलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी) के विधायक सुदिन धवलीकर ने अध्यक्ष गणेश गांवकर से कहा कि उन्होंने अपने 27 साल के करियर में ऐसा व्यवहार नहीं देखा । उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मीराबाग गांव संवोरडेम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है जिसका प्रतिनिधित्व अध्यक्ष गांवकर करते हैं।
जल संसाधन मंत्री सुभाष शिरोडकर ने विपक्ष की ओर इशारा करते हुए सदन से कहा, ‘चुनाव जीतने का यह तरीका नहीं है।’
शिरोडकर ने कहा कि बांध का निर्माण भविष्य में पीने के पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समुद्र में बहने वाली जुआरी नदी के पानी को बांध बनाकर रोका जाएगा।
प्रदर्शनकारियों को दीर्घा से हटाए जाने के बाद सदन की सामान्य कार्यवाही फिर से शुरू हुई। मुख्यमंत्री आज राज्य का बजट पेश करेंगे।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


