मणिपुर वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिमों की नियुक्ति के खिलाफ विरोध रैली

मणिपुर वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिमों की नियुक्ति के खिलाफ विरोध रैली

मणिपुर वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिमों की नियुक्ति के खिलाफ विरोध रैली
Modified Date: August 21, 2026 / 08:01 pm IST
Published Date: August 21, 2026 8:01 pm IST

इंफाल, 21 अगस्त (भाषा) मणिपुर के थौबल जिले में राज्य वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्यों की हालिया नियुक्ति के खिलाफ शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने उसोईपोकपी से लिलोंग बाजार तक लगभग चार किलोमीटर लंबा मार्च निकाला और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

राज्य सरकार ने तीन अगस्त को मणिपुर के आठवें वक्फ बोर्ड में भाजपा की मणिपुर इकाई की अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य ए शारदा देवी समेत सात सदस्यों को नियुक्त किया था।

एक प्रदर्शनकारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘वक्फ बोर्ड में गैर-मुस्लिम सदस्यों को शामिल किए जाने से राज्य में पांगल (मुस्लिम) समुदाय के एक बड़े वर्ग की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। यह केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं है, बल्कि यह धार्मिक पहचान और हमारे अपने धार्मिक मामलों के प्रबंधन की ऐतिहासिक परंपरा का उल्लंघन करता है।’

संसद द्वारा पारित वक्फ संशोधन अधिनियम वक्फ प्रबंधन बोर्डों में गैर-मुस्लिम और महिला सदस्यों को शामिल करने की अनुमति देता है।

इस बीच, मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने कहा कि उन्होंने पांगल समुदाय के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की और वक्फ बोर्ड को लेकर उनकी शिकायतों पर चर्चा की।

सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष वाई अंताज खान भी बैठक में शामिल हुए। मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा।’

‘कोऑर्डिनेशन कमेटी फॉर प्रोटेक्शन ऑफ वक्फ प्रॉपर्टीज मणिपुर’ (सीसीपीडब्ल्यूपीएम) के एक प्रतिनिधि ने कहा, ‘इन मुद्दों पर चर्चा के लिए हमसे मुलाकात करने के लिए हम मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हैं। वह इस मुद्दे पर पांगल समुदाय की चिंताओं से अवगत थे।’

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में