भुवनेश्वर, 13 मार्च (भाषा) ओडिशा में एलपीजी सिलेंडर की कथित कमी के कारण शुक्रवार को कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए तथा सड़कों पर अवरोध की स्थिति रही।
यहां उपभोक्ताओं ने भरे हुए एलपीजी सिलेंडर को प्राप्त करने में देरी से संबंधित शिकायत की थी।
राज्य भर में तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) वितरण केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं, जहां लोग गैस भरवाने के लिए इंतजार कर रहे थे और इसमें बुकिंग कराने के कई दिनों बाद भी गैस भरवाने के लिए इंतजार कर रहे लोग शामिल थे।
जाजपुर कस्बे में स्थानीय वितरक द्वारा ‘‘आज भंडारण नहीं है’’ का नोटिस लगाकर अपना कार्यालय बंद कर दिया गया, जिसके बाद लोगों ने रसोई गैस के खाली सिलेंडर रखकर सड़क को अवरुद्ध कर दिया।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि वितरक ने जानबूझकर सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी ताकि उन्हें कालाबाजार में अधिक कीमतों पर बेचा जा सके।
एजेंसी के बाहर इंतजार कर रहे एक ग्राहक ने कहा, ‘‘मैंने पांच दिन पहले एक सिलेंडर बुक किया था। वितरक ने मुझे आज आने के लिए कहा था, लेकिन जब मैं पहुंचा तो कार्यालय बंद था।”
क्योंझर जिले में एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर निवासियों ने क्योंझर-सनाघागरा सड़क को अवरुद्ध कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि क्योंझर थाने के कर्मी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की, जिसके बाद सड़क पर आवागमन बहाल कर दिया गया।
विरोध प्रदर्शन कर रही एक महिला ने कहा, ‘‘हमारा वितरक पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध कराने में असमर्थ है और हमें अपने परिवारों के लिए खाना पकाने में कठिनाई हो रही है।’’
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वितरक प्रतीक्षा सूची के अनुसार उपभोक्ताओं को भरे हुए सिलेंडर की आपूर्ति करने पर सहमत हो गया।
भुवनेश्वर, कटक, केंद्रपाड़ा और संबलपुर सहित कई अन्य स्थानों पर भी एलपीजी एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं।
यहां एक अधिकारी ने बताया कि इस बीच, नागरिक आपूर्ति अधिकारियों ने झारसुगुडा जिले में छापेमारी की और भरे हुए 29 सहित 92 सिलेंडर जब्त किए, जो कथित तौर पर जमाखोरी के तहत रखे गए थे।
घरेलू गैस की कमी के कारण कई परिवारों को खाना पकाने के वैकल्पिक तरीकों को अपनाना पड़ा है।
हालांकि, खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता कल्याण मंत्री के.सी. पात्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में रसोई गैस और ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
भाषा यासिर नरेश
नरेश