बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी: खान

बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी: खान

बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी: खान
Modified Date: August 29, 2023 / 03:47 pm IST
Published Date: August 29, 2023 3:47 pm IST

जयपुर, 29 अगस्त (भाषा) राजस्थान की शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान ने मंगलवार को कहा क‍ि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के जरिए दुनिया में चुनौतियों की हर कसौटी पर खरा उतरने के योग्य बनाना सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

जाहिदा खान ने ‘राजस्थान मिशन-2030 (विकसित राजस्थान-2030)’ के तहत आयोजित स्कूल शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय कार्यशाला में कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाये।

उन्होंने कहा कि समय की आवश्यकता और तकनीक के बदलते दौर में स्कूल शिक्षा विभाग का लक्ष्य बच्चों को ‘गुणवत्तापूर्ण शिक्षा’ देकर ‘राजस्थान मिशन-2030’ की रूपरेखा तैयार करना है।

खान ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की दूरगामी सोच के कारण प्रदेश में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नये बदलाव आए है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की शुरूआत के साथ ही सभी जिलों में नए कॉलेज खोलने की मुहिम से शिक्षा के परिदृश्य में बड़ा बदलाव आया है।

स्कूल शिक्षा विभाग के शासन सचिव नवीन जैन ने कहा कि प्रदेश में स्कूल शिक्षा का स्वरूप पूरे राज्य के परिदृश्य का निर्धारण करने में सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि मानव संसाधन, पहुंच और लाभार्थियों की संख्या जैसे मानकों के हिसाब से ‘राजस्थान मिशन-2030’ के तहत स्कूल शिक्षा विभाग की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। जैन ने कहा कि इस राज्य स्तरीय कार्यशाला के बाद छह सितम्बर को सभी नौ संयुक्त निदेशकों के स्तर पर कार्यशाला आयोजित होगी जबकि राज्य स्तर पर 12 सितम्बर को दूसरी तथा 18 सितम्बर को तीसरी कार्यशाला का आयोजन होगा।

भाषा पृथ्वी

नरेश देवेंद्र

देवेंद्र


लेखक के बारे में