पुडुचेरी: राहुल गांधी ने नकली दवा मामले में राजग पर निशाना साधा

पुडुचेरी: राहुल गांधी ने नकली दवा मामले में राजग पर निशाना साधा

पुडुचेरी: राहुल गांधी ने नकली दवा मामले में राजग पर निशाना साधा
Modified Date: April 6, 2026 / 12:43 pm IST
Published Date: April 6, 2026 12:43 pm IST

पुडुचेरी, छह अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को पुडुचेरी की एआईएनआरसी-भाजपा सरकार पर कथित नकली दवा उत्पादन को लेकर तीखा हमला बोला और कहा कि यह सिर्फ भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि एक जानलेवा कृत्य है, क्योंकि ये नकली दवाएं पूरे देश में पहुंचाई गईं।

आगामी नौ अप्रैल को होने वाले पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए यहां एक रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पुडुचेरी को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सत्ता में आने के छह महीने के भीतर ही पुडुचेरी में स्थानीय निकाय चुनाव करवाए जाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आज पुडुचेरी नकली दवाओं के मामले में सबसे आगे है; यहां बड़े पैमाने पर नकली दवाएं बनाई जा रही हैं, लेकिन केंद्र शासित प्रदेश की सरकार इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।’’

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि नकली दवा बनाना सिर्फ भ्रष्टाचार का मामला नहीं है, बल्कि यह एक तरह की ‘‘हत्या’’ है, क्योंकि ये नकली दवाएं पूरे देश में पहुंचाई गईं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हर कोई इस बात से वाकिफ है कि इस केंद्र शासित प्रदेश में दिए जाने वाले सभी ठेकों पर ‘‘30 प्रतिशत कमीशन’’ लिया जा रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि यहां का जीवंत औद्योगिक और कपड़ा क्षेत्र अब पूरी तरह से पतन की ओर बढ़ रहा है, और कई कारखाने बंद हो चुके हैं।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में