संगरूर में ग्रामीण की आत्महत्या मामले में पंजाब भाजपा का प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग
संगरूर में ग्रामीण की आत्महत्या मामले में पंजाब भाजपा का प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग
होशियारपुर/मोहाली, नौ सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई ने बुधवार को आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन वित्त मंत्री हरपाल चीमा से मादक पदार्थों की लगातार हो रही आपूर्ति के बारे में सवाल पूछने वाले एक ग्रामीण की कथित आत्महत्या को लेकर किया गया।
राज्य भाजपा नेताओं ने भगवंत मान सरकार के खिलाफ नशे के मुद्दे को लेकर होशियारपुर, मोहाली, खरड़ समेत कई स्थानों पर प्रदर्शन किए और मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की।
संगरूर जिले के दिरबा निवासी 47 वर्षीय गुलजार सिंह की सोमवार रात कथित तौर पर जहर खाने से मौत हो गई थी। उसके परिजनों का आरोप है कि रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से इलाके में नशे की आपूर्ति को लेकर सवाल पूछने के बाद उसे परेशान किया गया और उसे जातिसूचक टिप्पणियों का भी सामना करना पड़ा।
दिहाड़ी मजदूर सिंह के आखिरी पलों का एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें वह चीमा से अपने इलाके में मादक पदार्थ की उपलब्धता के बारे में पूछता हुआ दिख रहा है। वीडियो में वह कह रहा है कि उसकी मौत के लिए सरपंच जिम्मेदार होगा और उसका बेटा भी मादक पदार्थ का सेवन करता है।
मोहाली में भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने गुलजार सिंह की मौत को लेकर मान सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सरकार नशे पर रोक लगाने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब का कोई भी गांव ऐसा नहीं बचा है, जहां मादक पदार्थ उपलब्ध न हो।
भाजपा नेता ने कहा कि गुलजार सिंह की मौत ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है और इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
होशियारपुर में जिला भाजपा अध्यक्ष नितिन गुप्ता ‘नन्नू’ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता कमलपुर चौक पर एकत्र हुए और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री का पुतला भी फूंका।
भाजपा की जिला इकाई ने आरोप लगाया कि आप सरकार राज्य में मादक पदार्थ पर नियंत्रण पाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है।
भाजपा नेताओं ने संगरूर निवासी मोहनजीत सिंह को हिरासत में यातना दिए जाने के हालिया आरोपों पर भी चिंता जताई और निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मोहनजीत सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में उसे बिजली का झटका दिया गया, उसकी दाढ़ी खींची गई, घावों पर नमक रगड़ा गया और उसके अंत:वस्त्र फाड़ दिए गए।
भाषा
शुभम मनीषा
मनीषा

Facebook


