पंजाब : संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला

पंजाब : संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला

पंजाब : संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला
Modified Date: July 27, 2026 / 07:03 pm IST
Published Date: July 27, 2026 7:03 pm IST

चंडीगढ़, 27 जुलाई (भाषा) पंजाब के संगरूर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय पर अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर एक पेट्रोल बम फेंका। इस घटना पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया है कि अपराधियों के बढ़ते हौसले आम आदमी पार्टी (आप) के शासनकाल की ‘पहचान’ बन गए हैं।

पुलिस ने बताया कि रविवार देर रात हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम उपली रोड स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची।

एक अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण से ऐसा लगता है कि इमारत की बाहरी दीवार की ओर पेट्रोल से भरी एक जलती हुई बोतल फेंकी गई थी।

संगरूर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दविंदर अत्री ने बताया, ‘बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर इमारत की बाहरी दीवार की ओर से फेंका गया था। दीवार पर जलने का निशान मिला है। हम इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करेंगे और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।’

पुलिस ने बताया कि नमूनों को एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और पेट्रोल बम फेंकने वालों का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

स्थानीय भाजपा नेता रणदीप सिंह देओल ने बताया कि पार्टी कार्यालय के एक कर्मचारी ने घटना की जानकारी दी।

देओल ने कहा, ‘भाजपा कार्यालय पर हमला ‘आप’ सरकार की अक्षमता को दर्शाता है। इससे पहले चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय पर हमला हुआ था। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।’

पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों ने घटना की निंदा की और कानून-व्यवस्था को लेकर ‘आप’ सरकार पर हमला बोला।

ढिल्लों ने कहा, ‘पंजाब में भाजपा कार्यालयों पर हमले, भाजपा नेताओं को निशाना बनाना और अपराधियों के बढ़ते हौसले भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के ‘जंगलराज’ की पहचान बन चुके हैं। हिंसा के जरिए विपक्ष की आवाज दबाने की हर कोशिश नाकाम होगी।’

उन्होंने सवाल उठाया, ‘पंजाब की जनता जवाब मांग रही है कि क्या राज्य में कानून का शासन कायम है या यह अराजकता और गैंगस्टरवाद में बदल गया है?’

पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि संगरूर भाजपा कार्यालय में ‘विस्फोट’ की खबर बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।

बिट्टू ने कहा, ‘इस कठिन समय में हम अपने प्रत्येक कार्यकर्ता और इलाके के निवासियों के साथ मजबूती से खड़े हैं।’

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में