पंजाब: होशियारपुर में दर्जी की दुकान में सिलेंडर फटने से चार लोग घायल

Ads

पंजाब: होशियारपुर में दर्जी की दुकान में सिलेंडर फटने से चार लोग घायल

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 04:03 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 04:03 PM IST

होशियारपुर (पंजाब), तीन फरवरी (भाषा) पंजाब में होशियारपुर जिले के बागपुर अड्डा में मंगलवार को एक दर्जी की दुकान में एलपीजी सिलेंडर फटने से दो दमकलकर्मियों समेत चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि होशियारपुर नगर निगम अग्निशमन दल को यहां एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी और वे तुरंत मौके पर पहुंचकर जब आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे तभी सिलेंडर फट गया।

इस टीम में दमकलकर्मी मनजीत सिंह, परमजीत सिंह और गुरदित्त सिंह शामिल थे।

गुरदित्त ने बताया कि दुकान के अंदर लगी आग भीषण नहीं थी और दमकलकर्मी दल ने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया था लेकिन दुकान के अंदर रखा एक एलपीजी सिलेंडर अचानक फट गया।

उन्होंने बताया कि विस्फोट के कारण मनजीत झुलस गए और पास में मौजूद परमजीत को भी चोटें आईं।

पुलिस ने बताया कि बागपुर निवासी दुकान की मालिक मनदीप कौर (25) और राजवीर कौर (50) भी इस घटना में घायल हो गईं। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उपायुक्त (होशियारपुर) आशिका जैन ने सिविल अस्पताल का दौरा किया और घायल दमकलकर्मियों का हाल-चाल पूछा।

उन्होंने बताया कि मनजीत सिंह लगभग 11 प्रतिशत तक झुलस गए हैं, जबकि परमजीत सिंह के चेहरे पर घाव आए हैं और वह चार प्रतिशत तक झुलस गए हैं। दोनों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर है।

उपायुक्त ने कहा कि घटना के बाद मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी किए जा रहे हैं और पुलिस ने भी एक अलग जांच शुरू कर दी है।

जैन ने कहा कि सरकार द्वारा घायलों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

भाषा तान्या सिम्मी

सिम्मी