पंजाब सरकार ने अपराधियों के ठिकाने का पता लगाने के लिए इनाम नीति शुरू की
पंजाब सरकार ने अपराधियों के ठिकाने का पता लगाने के लिए इनाम नीति शुरू की
चंडीगढ़, 11 अप्रैल (भाषा) पंजाब सरकार ने अपराधियों के बारे में जानकारी देने वाले मुखबिरों को एक लाख रुपये से दो लाख रुपये तक का इनाम देने के लिए पुरस्कार नीति की शुरुआत की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस नीति के तहत पंजाब पुलिस को राज्य में वांछित अपराधियों, गैंगस्टर या उनके नेटवर्क के बारे में विश्वसनीय जानकारी देने वाले मुखबिरों को पुरस्कृत करने के लिए अधिकृत किया गया है।
यहां 28 वांछित अपराधियों की एक सूची भी जारी की गई है।
उन्होंने बताया कि ‘गैंगस्ट्रन ते वार’ अभियान के तहत बनाई गई यह नीति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को एक लाख रुपये तक, पुलिस आयुक्तों, रेंज आईजी (महानिरीक्षक) और डीआईजी (उप महानिरीक्षक) को 1.5 लाख रुपये तक और शाखा प्रमुखों (विशेष डीजीपी/एडीजीपी) को दो लाख रुपये तक के पुरस्कार देने के अधिकार दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि दो लाख रुपये से अधिक की राशि के पुरस्कार पुलिस महानिदेशक द्वारा स्वीकृत किए जा सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद ही इनाम दिया जाएगा और सूचना देने वालों की पहचान को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद बन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस नेटवर्क को मजबूत करना और जनता को शामिल करके आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है।
इस बीच, पुलिस ने कहा कि इस अभियान के तहत राज्य भर में गैंगस्टर के नेटवर्क से जुड़े ठिकानों पर 56,487 छापे मारे गए हैं।
इस अभियान की शुरुआत से अब तक 19,894 गिरफ्तारियां की गई हैं, 9,353 व्यक्तियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई है और 15,284 लोगों को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया है।
भाषा यासिर सुरेश
सुरेश

Facebook


