पंजाब में सरकारी कर्मचारी एवं पेंशनभोगी कल करेंगे राज्यव्यापी हड़ताल

Ads

पंजाब में सरकारी कर्मचारी एवं पेंशनभोगी कल करेंगे राज्यव्यापी हड़ताल

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 09:57 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 09:57 PM IST

चंडीगढ़, 26 अगस्त (भाषा) महंगाई भत्ता समेत अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर दबाव बनाने के लिए कई श्रमिक संघों द्वारा राज्यवापी हड़ताल का आह्वान किये जाने से 27 अगस्त को सरकारी विभागों में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान और ‘पंजाब साझा मुलाज़िम मंच’ के तहत आने वाले कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच उनकी समस्याओं पर चर्चा करने के लिए कल ही जालंधर में एक बैठक होगी।

राज्य सरकार पर लंबित मांगों को मानने का दबाव बनाने के लिए 150 से ज़्यादा कर्मचारी संगठनों ने हड़ताल के लिए हाथ मिलाया है।

पंजाब सांझा मुलाजिम मंच के नेता सुखचैन सिंह खेहरा ने कहा कि सिविल सचिवालय, निदेशालय, उपायुक्त कार्यालय, उपजिलाधिकारी कार्यालय और तहसील कार्यालय में हड़ताल होगी।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा, स्वास्थ्य, परिवहन, राजस्व और शिक्षा समेत दूसरे विभागों के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल होंगे।

खेहरा ने कहा कि सरकारी गाड़ियों के चालक भी हड़ताल में शामिल होंगे।

कर्मचारी संगठनों के अनुसार, सरकारी चिकित्सा संस्थानों में आपात सेवाओं को छोड़कर ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) सेवाएं बंद रहेंगी।

मंच के अनुसार सरकारी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों के भी दिन भर चलने वाली इस हड़ताल में शामिल होने की उम्मीद है।

हालांकि, कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान सड़कें जाम नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वे ज़िला स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।

कर्मचारियों ने पहले ही 27 अगस्त को सामूहिक आकस्मिक अवकाश के लिए आवेदन कर दिया है।

लगभग तीन लाख सरकारी कर्मचारी और 3.50 लाख पेंशनभोगी हैं।

प्रदर्शन करने जा रहे कर्मचारी रुके हुए 18 प्रतिशत महंगाई भत्ते को जारी करने, पुरानी पेंशन योजना को लागू करने और अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद, राज्य सरकार उनकी लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करने में ‘नाकाम’ रही है।

उनकी और कई मांगें हैं। इससे पहले सात अगस्त को सरकारी कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियो ने यहां सामूहिक प्रदर्शन किया था।

विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने इस हड़ताल के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।

भाषा राजकुमार माधव

माधव