पंजाब : अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

पंजाब : अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

पंजाब : अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
Modified Date: May 3, 2026 / 08:51 pm IST
Published Date: May 3, 2026 8:51 pm IST

चंडीगढ़, तीन मई (भाषा) पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने हथियारों की तस्करी से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से सात अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद की हैं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के महिंद्रा कॉलोनी निवासी समरबीर सिंह उर्फ सिमर (21), तरनतारन के गांव फतेहपुर के मूल निवासी और वर्तमान में अमृतसर के कृष्णा नगर में रह रहे सतनाम सिंह उर्फ सत्ता (23), प्रताप नगर निवासी तनुप्रीत सिंह (26) और कृष्णा नगर निवासी करणजोत सिंह उर्फ साजन (26) के रूप में हुई है।

बरामद किए गए हथियारों में ऑस्ट्रिया निर्मित नौ एमएम की दो ग्लॉक पिस्तौल, चीन निर्मित .30 बोर की चार पिस्तौल और .30 बोर की एक अन्य पिस्तौल शामिल हैं।

डीजीपी यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया मंच के जरिए पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे।

उन्होंने कहा कि अवैध हथियारों की खेप ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से भेजी जाती थी और फिर इस नेटवर्क के जरिए अपराधियों तक पहुंचाई जाती थी।

डीजीपी ने बताया कि इस नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए तथा अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए जांच जारी है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर सुनियोजित अभियान के तहत समरबीर उर्फ सिमर को गिरफ्तार कर उसके पास से दो ग्लॉक पिस्तौल बरामद की गयी।

उन्होंने बताया कि पूछताछ और आगे की कार्रवाई में उसके तीन अन्य सहयोगियों-सतनाम उर्फ सत्ता, तनुप्रीत सिंह और करणजोत उर्फ साजन को गिरफ्तार किया गया तथा उनके खुलासे पर पांच और पिस्तौल बरामद की गईं।

भुल्लर ने कहा कि सतनाम पहले भी एक मामले में शामिल रहा है, जिसमें उसके कब्जे से आठ किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।

उन्होंने बताया कि सतनाम और करणजोत एक ही इलाके में रहते हैं और पाकिस्तान स्थित एक तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि जांच में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपी शिक्षित हैं और पहले एक निजी कंपनी में सेल्समैन के रूप में काम कर चुके हैं। वे एक-दूसरे को जानते थे और आसपास के इलाकों में रहते थे।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में अमृतसर के कैंटोनमेंट थाने में शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा रविकांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में