पंजाब रेल पटरी विस्फोट जांच: छापे में ग्रेनेड और आरडीएक्स जब्त, आतंकी साजिश का खुलासा

Ads

पंजाब रेल पटरी विस्फोट जांच: छापे में ग्रेनेड और आरडीएक्स जब्त, आतंकी साजिश का खुलासा

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 12:11 AM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 12:11 AM IST

चंडीगढ़, 29 अप्रैल (भाषा) पटियाला में मालगाड़ी की पटरियों पर हुए विस्फोट की जांच के दौरान तरन तारन के एक गांव से भारी मात्रा में गोला-बारूद और विस्फोटक जब्त किए गए हैं, साथ ही इस जांच में पाकिस्तान समर्थित आईएसआई और खालिस्तान समर्थक आतंकवादियों की मिलीभगत वाली एक ‘गहरी आतंकी साजिश’ का भी खुलासा हुआ है। पंजाब पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

जांच में पता चला है कि शंभू में सोमवार रात ट्रेन की पटरी पर हुए विस्फोट में शामिल आतंकी मॉड्यूल को मलेशिया स्थित एक संस्था का समर्थन है और वह अमेरिका स्थित सुरिंदर सिंह ठिकरीवाल के संपर्क में भी था, जिसका कथित तौर पर अतीत में अन्य आतंकी मॉड्यूल से संबंध रहा है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पटियाला पुलिस ने अमृतसर स्थित राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ (एसएसओसी) के साथ संयुक्त अभियान में तरन तारन के गांव पंजवार खुर्द पर छापेमारी के दौरान एक रॉकेट चालित ग्रेनेड (आरपीजी), 2.296 किलोग्राम वजन का एक धातु का आईईडी, बिजली के तार और एक बैटरी के साथ तीन डेटोनेटर, 1.456 किलोग्राम वजन के आरडीएक्स के दो पैकेट और एक पी-86 हैंड ग्रेनेड सहित सैन्य उपकरण जब्त किए।

तीन पिस्तौलें – 9एमएम ग्लॉक-18 सीएक्स ‘ऑस्ट्रिया’, .30 बोर पीएक्स5 स्टॉर्म और .30 बोर स्टार मार्क – पांच मैगज़ीन और 84 कारतूस, दो वायरलेस सेट बाओफेंग, एक हेडफोन और दो टाइमर स्विच भी जब्त किए गए हैं।

यह कार्रवाई सतनाम उर्फ ​​सत्ता द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर की गई, जो मुख्य आरोपी जगरूप सिंह का भाई है। जगरूप की पटियाला में माल ढुलाई गलियारे की पटरी पर आईईडी लगाते समय मौत हो गई थी।

भाषा शोभना वैभव

वैभव