पंजाब: सीमा पार आतंकी मॉड्यूल से जुड़े दो लोग गिरफ्तार, दो हथगोले बरामद
पंजाब: सीमा पार आतंकी मॉड्यूल से जुड़े दो लोग गिरफ्तार, दो हथगोले बरामद
अमृतसर, नौ जून (भाषा) पंजाब पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों से जुड़े दो लोगों को केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से गिरफ्तार किया और उनके पास से दो हथगोले बरामद किए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान दविंदर सिंह व राजविंदर सिंह के रूप में हुई है और दोनों तरनतारन के निवासी हैं।
पुलिस ने उनकी कार भी जब्त कर ली है, जिस पर पंजाब की पंजीकरण संख्या दर्ज थी।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी विदेशी तस्करों के सीधे संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर काम कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि हथगोले बरामद होने से राज्य में शांति-व्यवस्था को बिगाड़ने के उद्देश्य से रची गई एक बड़ी साजिश का संकेत मिलता है।
पुलिस महानिदेशक के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने के लिए गहन जांच की जा रही है।
अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने अभियान का विवरण साझा करते हुए बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि दविंदर व राजविंदर ने अपने सीमा पार के साथियों द्वारा भेजी गई विस्फोटक सामग्री की खेप प्राप्त कर ली है और वे राज्य में शांति-व्यवस्था भंग करने के उद्देश्य से आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।
पुलिस उपाधीक्षक (जांच) गुरिंदरपाल सिंह नागरा और पुलिस उपाधीक्षक (अटारी) यादविंदर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने, खुफिया जानकारी के आधार पर एक अभियान चलाया और अमृतसर के खासा इलाके में दोनों को रोका।
अधिकारी ने बताया कि उनकी गाड़ी की तलाशी के दौरान दो हथगोले बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी एक नियोजित साजिश को अंजाम देने के लिए अपने विदेशी आकाओं से निर्देशों की प्रतीक्षा कर रहे थे।
चहल ने यह भी खुलासा किया कि दोनों आरोपियों को विदेशी आका से हरवंत सिंह उर्फ हैरी ने मिलवाया था, जो फिलहाल अमृतसर जेल में बंद है।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों ने पहले भी हरवंत से जुड़े सहयोगियों को कई हथियार और विस्फोटक पदार्थों की तस्करी की थी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अमृतसर जेल से हरवंत का एक मोबाइल फोन भी बरामद किया और इस संबंध में एक अलग मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाने और इसमें शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


