जाति जनगणना को निरर्थक बनाने के लिये प्रश्नावली को खराब तरीके से तैयार किया गया : कांग्रेस
जाति जनगणना को निरर्थक बनाने के लिये प्रश्नावली को खराब तरीके से तैयार किया गया : कांग्रेस
नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि जनगणना-2027 के तहत होने वाली जाति जनगणना के लिए तैयार प्रश्नावली में जाति से जुड़ा सवाल ‘‘जानबूझकर बेहद खराब तरीके से डिजाइन’’ किया गया है, जिससे पूरी कवायद निरर्थक हो जाएगी।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस मुद्दे पर 20 अगस्त, 2026 को प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था, लेकिन जरूरी सुधार करने और बिहार तथा तेलंगाना के प्रश्नावली मॉडल को अपनाने के उनके ‘‘रचनात्मक सुझावों’’ को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जनगणना 2027 की प्रक्रिया (जो 2021 में होनी थी) के तहत फरवरी 2027 में होने वाली जनसंख्या गणना को उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में पहले कर दिया गया है, जहां अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह बेहद खराब योजना को दिखाता है, क्योंकि यह पहले से मालूम था कि इन राज्यों में चुनाव होने हैं। फिर अचानक यह समझदारी कहां से आ गई?’’
रमेश ने आरोप लगाया, ‘‘निस्संदेह इसके पीछे कुछ कुटिल राजनीतिक हिसाब-किताब चल रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि जाति को लेकर पूछा जा रहा सवाल नंबर 10 इस तरह तैयार किया गया है कि इससे जाति जनगणना की पूरी कवायद ही निरर्थक हो जाएगी।
भाषा हक माधव दिलीप
दिलीप

Facebook


