लोकसभा में राहुल ने एप्स्टीन मामले का उल्लेख किया, बिरला के रोकने पर कांग्रेस का हंगामा

Ads

लोकसभा में राहुल ने एप्स्टीन मामले का उल्लेख किया, बिरला के रोकने पर कांग्रेस का हंगामा

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 04:49 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 04:49 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में ईंधन की कथित कमी का मुद्दा उठाते हुए बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और ‘‘एप्स्टीन फाइल’’ का उल्लेख किया, जिस पर अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वह नियम के तहत ही बोल सकते हैं।

बिरला ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने अपने नोटिस में ईंधन से जुड़े मुद्दे का उल्लेख किया था और वह सिर्फ उसी पर बोल सकते हैं।

राहुल गांधी ने सदन में, देश में ‘‘एलपीजी संकट’’ का हवाला देते हुए कहा, ‘‘तकलीफ की शुरुआत हुई है, रेस्तरां बंद हो रहे हैं और एलपीजी की कमी हो रही है…यह तो शुरुआत है।’’ उन्होंने कहा कि किसी भी देश की बुनियाद ऊर्जा सुरक्षा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भारत जैसे देश किसी दूसरे देश के राष्ट्रपति को यह तय करने की इजाजत कैसे दे सकता है कि ‘‘हम रूस से तेल खरीदें या नहीं।’’

इसके बाद, उन्होंने एप्स्टीन फाइल का हवाला देते हुए पेट्रोलियम मंत्री पुरी का उल्लेख किया, जिस पर सत्तापक्ष के सदस्यों ने आपत्ति जताई।

इस बीच, बिरला ने कहा, ‘‘आपने जिस विषय पर नोटिस दिया है, उस पर बोलिए। अगर इस विषय पर बोलना है तो इसके लिए नोटिस दीजिए।’’

इसके बाद, कांग्रेस सदस्यों ने सदन में ‘‘एप्स्टीन-एप्स्टीन’’ और ‘‘मंत्री इस्तीफा दो’’ के नारे लगाए।

भाषा

हक हक सुभाष

सुभाष