राहुल ने वायनाड के कार्यक्रम में साझा किया प्रियंका से जुड़ा किस्सा
राहुल ने वायनाड के कार्यक्रम में साझा किया प्रियंका से जुड़ा किस्सा
वायनाड (केरल), 26 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को अपनी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के बारे में एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए बताया कि उन्हें वायनाड कितना पसंद है।
वायनाड में 2024 में आए भूस्खलन के पीड़ितों के लिए पार्टी द्वारा बनाए जा रहे घरों की आधारशिला रखने के समारोह में गांधी ने कहा कि वह 22 वर्षों से राजनीति में हैं।
उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे आप आगे बढ़ते हैं, आपके सोचने के तरीके में बदलाव आता है। मेरा मानना है कि राजनेताओं को अपने बारे में अधिक खुलकर बोलना चाहिए और मौजूदा हालातों के बारे में अधिक पारदर्शी होना चाहिए।”
गांधी ने वायनाड के लोगों को अपने परिवार के सदस्य बताते हुए हाल ही की एक घटना का वर्णन किया और कहा कि इससे प्रियंका नाराज हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि वह और उनकी बहन अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ते हैं। “कल वह मुझसे बात नहीं कर रही थी। फिर मैं अपनी मां से मिलने गया।” उन्होंने पूछा, “तुम्हारी बहन कैसी है?” गांधी ने कहा, “मैंने उन्हें बताया कि वह परेशान है और मुझसे बात नहीं कर रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि वायनाड की यात्रा योजना पर चर्चा करते समय उन्होंने सोनिया गांधी से कहा था कि उन्होंने अपनी बहन को “उलझा लिया” है। उन्होंने कहा, “क्योंकि वह वायनाड आ रही है और वह मुझसे बात किए बिना नहीं रह सकती।”
गांधी ने कहा कि सुबह जब उन्होंने विमान में वाद्रा का अभिवादन किया, तो वह तब भी नाराज लग रही थीं।
उन्होंने कहा, “लेकिन जब हम यहां पहुंचे, तो उन्होंने मुझसे बात करना शुरू कर दिया। यही वायनाड का जादू है।”
उन्होंने 2024 के संसदीय चुनावों के बाद वायनाड सीट खाली कर दी, जिसके बाद वाद्रा लोकसभा में इसकी प्रतिनिधि के रूप में चुनी गईं।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश

Facebook


