राहुल ने ‘गमोसा’ फेंका, उन्हें हमारी विरासत का खयाल नहीं: सोनोवाल
राहुल ने ‘गमोसा’ फेंका, उन्हें हमारी विरासत का खयाल नहीं: सोनोवाल
नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने राष्ट्रपति भवन के ‘ऐट होम’ कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से जुड़े ‘गमोसा’ विवाद को सोमवार को लोकसभा में उठाया और दावा किया कि कांग्रेस नेता ने असम के पारंपरिक पटके को फेंक दिया क्योंकि उन्हें ‘‘हमारी विरासत का खयाल नहीं है।’’
सोनोवाल ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया और इस पर चर्चा की शुरुआत करते हुए यह दावा भी किया कि पूर्वोत्तर कांग्रेस को खारिज कर चुका है और अब उसे कभी स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, ‘‘आपके (कांग्रेस) नेता ने गमोसा फेंक दिया। इतिहास को स्मरण करिए। महात्मा गांधी जब असम गए थे और गमोसा को देखकर कहा था कि इस गमोसे में हमारी महिलाएं अपने सपनों की रचना करती है…आपको हमारी विरासत का कुछ भी खयाल नहीं है।’’
पोत परिवहन मंत्री का कहना था, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि विकास भी, विरासत भी। हमें अपने पुरखों को नहीं भूलना चाहिए, अपनी विरासत को नहीं भूलना चाहिए।’’
भाजपा ने बीते 26 जनवरी को यह आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित पारंपरिक ‘ऐट होम’ कार्यक्रम के दौरान ‘गमोसा’ नहीं पहना था जो असमिया संस्कृति के साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अनादर है। वहीं, कांग्रेस ने यह कहकर पलटवार किया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी यह ‘पटका’ नहीं पहना था।
सोनोवाल ने केंद्र सरकार की कई योजनाओं का लोकसभा में उल्लेख किया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत के साथ कार्य किया है।
भाजपा नेता ने कहा कि इस सदी को ‘माँ भारती के विकास और माँ भारती की आत्मनिर्भरता’ के रूप में जाना जाएगा।
सोनोवाल ने कहा, ‘‘2014 से पहले देश को कांग्रेस सरकार की नीतिगत पंगुता का सामना करना पड़ा था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने तेज विकास और चौतरफा विकास की यात्रा शुरू की…पारदर्शिता और निर्णय लेने की क्षमता इस सरकार की पहचान है।’’
उन्होंने कहा कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई तरह की अस्थिरता है।
असम के पूर्व मुख्यमंत्री सोनोवाल ने चाय बागान मजदूरों के लिए सरकार के कई कदमों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘चाय बगान में काम करने वालों को हमारी सरकार ने जिस तरह से सम्मान दिया है, वो ऐेतिहासिक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज हर कार्यक्रम जिस तरह से सफल हो रहा है उससे स्पष्ट है कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत विकसित बनने जा रहा है।’’
सोनोवाल ने कहा, ‘‘हर कार्यक्रम को सही ढंग से लागू किए जाने के कारण सभी वर्गों को न्याय मिला है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘पहले विकसित देश भारत के राष्ट्रप्रधान से बड़ी इज्जत से बात नहीं करते थे, लेकिन आज कोई भी मंच हो, अमेरिका हो, चीन हो, जर्मनी हो, दुनिया का कोई हिस्सा हो, हर जगह उनका (प्रधानमंत्री मोदी) बहुत सम्मान है। वह हर वैश्चिक मामले का समाधान कर सकते हैं, यह मोदी जी के नजरिये और नेतृत्व की शक्ति है।’’
भाषा हक
हक माधव
माधव

Facebook


