राहुल ने पेपर लीक विरोधी प्रदर्शन से सुर्खियों में आए इरफान से मुलाकात की
राहुल ने पेपर लीक विरोधी प्रदर्शन से सुर्खियों में आए इरफान से मुलाकात की
नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जंतर मंतर पर नीट प्रश्नपत्र लीक विरोधी प्रदर्शन के दौरान बहुत ही मार्मिक अंदाज में संविधान की प्रस्तावना पढ़कर सुर्खियों में आए युवक मोहम्मद इरफान से सोमवार को मुलाकात की और कहा कि इस युवक का नज़रिया बताता है कि भारत की सबसे बड़ी ताक़त उसके युवाओं में बसती है।
गांधी ने इरफान के साथ मुलाकात की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए कहा कि इरफान जैसे युवाओं की सोच उनके हालात की मोहताज नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘संविधान की उसकी समझ, देश के प्रति उसका नज़रिया और सीखने की उसकी इच्छा यही बताती है कि भारत की सबसे बड़ी ताक़त उसके युवाओं में बसती है।’’
गांधी ने कहा कि इरफान जैसे लाखों युवा देश की असली उम्मीद हैं और वे जिज्ञासु, संवेदनशील तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग हैं।
राहुल गांधी ने उनके घर जाकर उनसे मुलाकात की।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान मोहम्मद इरफान अपने बेबाक, संवेदनशील और ज़मीनी बयानों के चलते सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गए। झुग्गी-बस्ती से आने वाले इरफान ने अपने अनुभवों और संघर्षों के आधार पर मेहनतकश मजदूरों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे अहम मुद्दों को बेहद प्रभावशाली ढंग से उठाया था।
भाषा हक नरेश
नरेश

Facebook


