अमेठी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में कैश की किल्लत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन देश एक बार फिर कतारों में खड़ा है। क्या इन्हीं अच्छे दिनों की बात की जा रही थी। राहुल ने कहा कि हमें सदन में बोलने नहीं दिया जाता है, अगर मैं 15 मिनट संसद में भाषण दूं तो प्रधानमंत्री हमारे सामने खड़े नहीं हो पाएंगे। राहुल ने इसके अलावा ट्वीट कर भी पीएम पर हमला बोला।
राहुल ने कहा कि अच्छे दिन सिर्फ नीरव मोदी और मेहुल चोकसी के लिए आए हैं। किसानों और मजदूरों के सिर्फ बुरे ही दिन आए हैं। राहुल ने कहा कि नीरव मोदी लोगों के पैसे लेकर भाग गया, प्रधानमंत्री ने गरीबों से 500-1000 के नोट लेकर नीरव मोदी को दे दिए लेकिन उन्होंने एक शब्द भी नहीं कहा.
राहुल इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे पर हैं। इस दौरान राहुल स्थानीय लोगों और किसानों से मुलाकात कर रहे हैं। कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से एटीएम में कैश न उपलब्ध होने से फिर नोटबंदी जैसी परेशानी का माहौल बनने लगा। लोगों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए आखिरकार रिजर्व बैंक और सरकार को आगे आना पड़ा।
कैश संकट के इस मुद्दे पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि उन्होंने पूरी स्थिति की समीक्षा की है। देश में कैश की कमी नहीं है, सिर्फ कुछ जगहों पर अचानक मांग बढ़ जाने से ये दिक्कत सामने आई है।
वेब डेस्क, IBC24