मऊ (उप्र), 22 जुलाई (भाषा) मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र में पुलिस से मुठभेड़ के बाद एक गोतस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घोसी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जितेंद्र सिंह ने बताया ने मुठभेड़ की यह घटना मंगलवार देर रात रात करीब दो बजे इंदारा रेलवे स्टेशन के समीप हुई। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। उसके खिलाफ मऊ और बलिया जिले में गोवध अधिनियम समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी इला (35) इंदारा रेलवे स्टेशन जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों पर ही गोली चला दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोपागंज पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसके विरुद्ध मऊ और बलिया जिले में गोवध अधिनियम सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बलिया के सिकंदरपुर थाने में भी उसके खिलाफ संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं।
भाषा सं जफर सिम्मी सुरभि
सुरभि