नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर गलत जानकारी फैलाकर भ्रम और अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
पार्टी ने सवाल किया कि क्या राहुल किसी “भारत-विरोधी ताकत” के इशारे पर काम कर रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस नेता से सवाल करते हुए कहा, “हमें स्पष्ट और सीधा जवाब चाहिए। इसके पीछे कौन है? आपको कौन उकसा रहा है या मजबूर कर रहा है? किसके दबाव में आप लगातार भारतीय संस्थानों, खासकर आर्थिक संस्थानों पर हमला कर रहे हैं?”
इससे पहले, राहुल ने आगाह किया था कि देश एक बड़े और अभूतपूर्व आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है।
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि वह देश के लोगों से विदेश न जाने की अपील करने के बाद खुद पांच देशों के दौरे पर चले गए।
उन्होंने कहा कि अदाणी-अंबानी द्वारा बनाई गई आर्थिक संरचना इस संकट में ढह जाएगी, जबकि इसका असर आम लोगों पर पड़ेगा।
राहुल ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली में सभा को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए ये टिप्पणियां की।
राहुल की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए त्रिपाठी ने कहा, “जो राहुल गांधी भाषाई, क्षेत्रीय और जातीय आधार पर अराजकता फैलाने में असफल रहे, अब आर्थिक क्षेत्र में भ्रम और गलत जानकारी फैलाकर अराजकता पैदा करने की राजनीति कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं कांग्रेस और राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि आपके मुखौटे के पीछे असली चेहरा किसका है? आपके बयानों के पीछे असली दिमाग किसका है।”
भाषा जोहेब पारुल
पारुल