बंगाल में खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन का पता लगाने के लिए की जा रही छापेमारी

Ads

बंगाल में खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन का पता लगाने के लिए की जा रही छापेमारी

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 05:46 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 05:46 PM IST

कोलकाता, छह सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार की प्रवर्तन शाखा के अधिकारियों ने रविवार को राज्य भर के कई रेस्तरां और खाने-पीने की जगहों पर छापेमारी की, ताकि यह पता लगाया जा सके कि खाद्य सुरक्षा के नियमों और दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है या नहीं।

अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता के पॉश पार्क स्ट्रीट इलाके में कई जाने-माने रेस्तरां की भी प्रवर्तन शाखा के दलों ने जांच की और वहां की रसोई का बारीकी से निरीक्षण किया।

जलपाईगुड़ी जिले के एक सरकारी अधिकारी ने कहा, ‘‘खाने-पीने की चीजें बेचने वाली ऐसी सभी जगहों पर इस तरह के दौरे जारी रहेंगे।’’

इस बीच, एक सितंबर को उपभोक्ता सुरक्षा सप्ताह के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के कहने पर, राज्य की प्रवर्तन शाखा और अन्य सरकारी अधिकारियों ने तुरंत खाने-पीने की जगहों का दौरा करना शुरू कर दिया। उन्होंने महंगे रेस्तरां से लेकर सड़क किनारे स्थित दुकानों तक का दौरा किया, ताकि यह जांच की जा सके कि खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन हो रहा है या नहीं।

अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार खाने-पीने की चीजों और मिठाइयों में मिलावट और ‘नॉन-फूड-ग्रेड’ रंग के इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कारोबार पारदर्शी और साफ-सुथरे तरीके से किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अफसोस जताते हुए कहा कि कुछ अधिकारी शायद गलत तौर-तरीकों को होने देने में शामिल रहे होंगे, ‘‘पूरा सिस्टम ही सड़ चुका है।’’

राज्य के सबसे दक्षिणी हिस्से में स्थित कांथी से लेकर उत्तर में जलपाईगुड़ी तक, रविवार को भी पूरी मुस्तैदी से खाने-पीने की जगहों की जांच की गई।

भाषा सुभाष सुरेश

सुरेश