आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े मामले में कश्मीर के छह जिलों में छापेमारी
आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े मामले में कश्मीर के छह जिलों में छापेमारी
श्रीनगर, तीन जून (भाषा) जम्मू कश्मीर पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर’ (सीआईके) इकाई ने आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े एक मामले की जांच के सिलसिले में बुधवार को घाटी के छह जिलों में छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, हाल में प्राप्त खुफिया सूचनाओं, तकनीकी विश्लेषण और लगातार जारी जांच के आधार पर छह जिलों में आठ स्थानों की पहचान की गई थी, जहां बुधवार तड़के छापेमारी की गयी।
उन्होंने बताया कि श्रीनगर और बांदीपोरा जिलों में दो-दो स्थानों तथा कुपवाड़ा, अनंतनाग, कुलगाम और बारामूला जिलों में एक-एक स्थान पर छापेमारी की गयी।
यह मामला वर्ष 2015 में दर्ज किया गया था। मामला पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादी संगठनों, उनके स्लीपर सेल नेटवर्क तथा जम्मू-कश्मीर में लोगों की भर्ती, उन्हें कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने और आतंकवाद को बढ़ावा देने से जुड़ी गतिविधियों से संबंधित है।
अधिकारियों ने बताया कि संदिग्धों पर गोपनीय संचार माध्यमों के जरिए पाकिस्तान स्थित आतंकवादी आकाओं के संपर्क में रहने का आरोप है। उन पर चरमपंथी दुष्प्रचार फैलाने और कट्टरपंथ से संबंधित गतिविधियों में शामिल होने का भी संदेह है।
भाषा
प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


