दिल्ली में बारिश के आसार, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज
दिल्ली में बारिश के आसार, न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) दिल्ली में शनिवार को दिन के दौरान मध्यम बारिश होने के आसार हैं और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में सामान्यत: बादल छाए रहने की संभावना है। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों में सफदरजंग में कुल 1.8 मिलीमीटर, पालम में 4.7 मिलीमीटर, लोधी रोड में 2.4 मिलीमीटर, रिज में 10.6 मिलीमीटर और आयानगर में 10.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
शुक्रवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच इन केंद्रों पर क्रमशः 1.5 मिलीमीटर, 4.2 मिलीमीटर, 2.2 मिलीमीटर, 10.6 मिलीमीटर और 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम है।
लोधी रोड में यह सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक यानी 26.2 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक यानी 25.5 डिग्री सेल्सियस और रिज में सामान्य दो डिग्री कम यानी 22.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजधानी में 16 सितंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही और सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 63 रहा।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
भाषा सुरभि नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


