उत्तर भारत के कई राज्यों में हुई बारिश, लोगों को मिली भीषण गर्मी से राहत
उत्तर भारत के कई राज्यों में हुई बारिश, लोगों को मिली भीषण गर्मी से राहत
नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) उत्तर भारत के कई राज्यों में रविवार को बारिश के बाद तापमान कुछ डिग्री तक कम हो गया, जिसकी वजह से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यहां गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है।
आईएमडी ने राष्ट्रीय राजधानी में अगले दो दिन के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी करते हुए बारिश, बिजली गरजने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
आईएमडी के अनुसार छह मई तक बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने का पूर्वानुमान है। सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
उत्तराखंड के कई जिलों में रविवार सुबह तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिसके बाद राज्य प्रशासन ने सभी जिला अधिकारियों को सर्तक रहने का निर्देश दिया। मौसम में अचानक बदलाव के कारण पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए और कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
आईएमडी ने सोमवार और मंगलवार को सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
विभाग ने कहा कि 4,000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान है।
आईएमडी ने कहा कि देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी ने कहा कि इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश, ओलावृष्टि, 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन से चार दिन में राज्य में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं।
विभाग ने कहा कि मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर पांच सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई, जबकि पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और पश्चिमी क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।
आईएमडी के अनुसार रविवार को पूरे राज्य में दिन का तापमान सामान्य से कम रहा, कुछ क्षेत्रों में यह औसत से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया।
आईएमडी ने कहा कि राज्य में कहीं भी लू की स्थिति दर्ज नहीं की गई और अगले सप्ताह ऐसी स्थिति बनने का पूर्वानुमान नहीं है।
मौसम विभाग ने राज्य के कुछ स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया है।
सुल्तानपुर में रविवार सुबह तेज आंधी-बारिश के दौरान एक गांव में पेड़ गिरने से आटा चक्की पर एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
चंडीगढ़ और पंजाब-हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी बारिश हुई। चंडीगढ़ में कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही।
पंजाब में मोहाली, रूपनगर और लुधियाना में भी बारिश दर्ज की गई।
न्यूनतम तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
अधिकारियों के अनुसार कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि तेज हवाओं से कुछ पेड़ उखड़ गए और कई शाखाएं टूटकर गिर गईं।
चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीडीपीएल) ने कहा, “सुबह तेज हवाओं और बिजली की लाइनों के गिरने के कारण कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति अपेक्षा से अधिक समय तक प्रभावित रही। हमारी टीम लगातार आपूर्ति बहाल करने में जुटी है।”
अधिकारियों ने कहा कि होशियारपुर में सुबह के समय अचानक आई आंधी और बारिश के कारण पुरहीरन क्षेत्र के इंडस्ट्रियल फोकल प्वाइंट में बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए।
फगवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भी सुबह धूल भरी आंधी आई और बारिश हुई।
हरियाणा में पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में बारिश हुई। राजस्थान में रविवार को कई इलाकों में गर्मी का असर बना रहा।
फलोदी में अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद चित्तौड़गढ़ में 43.4 डिग्री सेल्सियस। श्रीगंगानगर और जैसलमेर दोनों जगह 42.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि कोटा में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बीकानेर में 42.2 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 40.3 डिग्री सेल्सियस और चूरू में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी बारिश हुई, जबकि धर्मशाला में ओलावृष्टि हुई।
शनिवार शाम से लेकर अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के छह जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में चार मई के लिए 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गरजने का पूर्वानुमान जताया है।
भाषा जोहेब रंजन
रंजन

Facebook


