दिल्ली में बारिश की संभावना, हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में

Ads

दिल्ली में बारिश की संभावना, हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में

  •  
  • Publish Date - May 13, 2026 / 10:42 AM IST,
    Updated On - May 13, 2026 / 10:42 AM IST

नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार की सुबह बादल छाए रहे और मौसम विभाग ने दिन में गरज के साथ छींटे पड़ने तथा बारिश होने का अनुमान जताया है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

शहर के अलग-अलग मौसम केंद्रों के आंकड़ों में न्यूनतम तापमान में भिन्नता देखी गई। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.0 डिग्री अधिक 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम में यह सामान्य से 0.8 डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस, रिज में सामान्य से 0.5 डिग्री कम 23.2 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह 148 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा सुमित वैभव

वैभव