राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश होने की संभावना
राजस्थान के अनेक हिस्सों में बारिश होने की संभावना
जयपुर, 30 सितंबर (भाषा) राजस्थान के अनेक हिस्सों में एक नए मौसमी तंत्र के असर से मंगलवार से बारिश होने का पूर्वानुमान है। जयपुर मौसम केंद्र ने यह जानकारी दी।
केंद्र के अनुसार आज कच्छ क्षेत्र के ऊपर एक निन्म दाब क्षेत्र बना हुआ है तथा वायुमंडल के निचले स्तरों में एक ‘ट्रफ लाइन’ उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर सक्रिय है।
केंद्र ने बताया कि इसके असर से आज शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में बारिश होने की संभावना है। शेखावाटी क्षेत्र व आसपास में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
राज्य के अनेक भागों में आगामी 3-4 दिन कुछ भागों में हल्की-मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।
वहीं बंगाल की खाड़ी में आगामी 24 घंटों में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ 5-8 अक्टूबर को सक्रिय होगा।
केंद्र ने कहा कि इसके प्रभाव से राज्य में 6 से 8 अक्टूबर के दौरान फिर बारिश हो सकती है।
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा नागौर व झुन्झुनू जिलों में भारी बारिश हुई। सर्वाधिक बारिश नावां (नागौर) में 102.0 मिलीमीटर दर्ज की गई।
भाषा पृथ्वी मनीषा जोहेब
जोहेब

Facebook


