बारिश के कारण दिल्ली में कुछ जगहों पर जलजमाव, यातायात प्रभावित

बारिश के कारण दिल्ली में कुछ जगहों पर जलजमाव, यातायात प्रभावित

बारिश के कारण दिल्ली में कुछ जगहों पर जलजमाव, यातायात प्रभावित
Modified Date: July 8, 2026 / 04:28 pm IST
Published Date: July 8, 2026 4:28 pm IST

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) दिल्ली में बुधवार को हुई बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया और सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार थम गयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों में गरज के साथ बारिश की संभावना को देखते हुए ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान 14.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की काफी संभावना है, जबकि अन्य इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

बारिश के कारण सदर बाजार, नसीरपुर, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, तेलीवाड़ा, महावीर बाजार, स्वरूप नगर और कुशक रोड समेत शहर के कई इलाकों में जलजमाव हो गया।

कुछ स्थानों पर पैदल चलने वालों को घुटने तक भरे पानी से होकर गुजरते देखा गया।

रोहतक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं, जहां पंजाबी बाग और शादीपुर के बीच यातायात कई घंटों तक लगभग ठप रहा। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कई दोपहिया वाहन चालकों ने बारिश से बचने के लिए ‘एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर’ के नीचे शरण ली, जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई।

आईटीओ चौराहे पर भी यातायात बाधित रहा।

रिंग रोड, आउटर रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर, विशेष रूप से धौला कुआं, महिपालपुर और रजोकरी के पास, कम दृश्यता और जलजमाव के कारण यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा।

मथुरा रोड पर आश्रम के पास, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे, जखीरा फ्लाईओवर, मोती नगर, पटेल नगर, नारायणा, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर, मूलचंद, आजादपुर, मुकरबा चौक और दिल्ली-नोएडा लिंक रोड के हिस्सों पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।

‘स्काईमेट वेदर’ के महेश पलावत ने मंगलवार को बताया था कि दिल्ली में लगातार हो रही बारिश का कारण उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, मध्य प्रदेश के मध्य हिस्से में बना गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र और अरब सागर से आ रही नमी से भरपूर मानसूनी हवाओं का परस्पर प्रभाव है।

उन्होंने कहा था कि अगले दो दिनों में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी क्योंकि तापमान में मामूली वृद्धि होगी।

कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर जलजमाव वाली सड़कों से गुजरते वाहनों और लंबे ट्रैफिक जाम में फंसी गाड़ियों के वीडियो साझा किए।

सोशल मीडिया पर एक उपयोगकर्ता ने लिखा, “थोड़ी सी बारिश ने ही सड़कों की बदहाल स्थिति की पोल खोल दी है। जगह-जगह गंभीर जलभराव, टूटी सड़कें, उफनती नालियां और असुरक्षित हालात लोगों को परेशानी में डाल रहे हैं तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर रहे हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।”

एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, “दिल्ली में कुछ घंटों की बारिश का नतीजा सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है।”

वहीं, यातायात को सुचारु बनाए रखने और जाम कम करने के लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, जबकि नगर निकायों की टीमें जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने में जुटी रहीं।

प्रशासन ने यात्रियों को जलभराव वाले मार्गों से बचने, वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने और घर से निकलने से पहले यातायात संबंधी ताजा जानकारी अवश्य जांचने की सलाह दी।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में