बीजद ने औडिशा के मंत्री के रिश्तेदारों और समर्थकों पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया
बीजद ने औडिशा के मंत्री के रिश्तेदारों और समर्थकों पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया
भुवनेश्वर, 24 अगस्त (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) ने आरोप लगाया है कि ओडिशा के परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना के रिश्तेदार और प्रतिनिधि गुंडागर्दी एवं असामाजिक गतिविधियों में शामिल हैं तथा ब्रह्मपुर पुलिस मंत्री के प्रभाव में काम कर रही है।
विपक्षी बीजद ने ये आरोप ऐसे समय में लगाये हैं जब पुलिस ने शुक्रवार रात गोपालपुर में बाल मजदूरों को मुक्त कराने की घटना के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और उनके काम में दखल देने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा के ज़िला अध्यक्ष बी. सोमनाथ पात्रा को गिरफ़्तार किया।
बीजद प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने यहां रविवार को प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि जेना के रिश्तेदारों और प्रतिनिधियों ने बार-बार कानून का उल्लंघन किया है, जबकि ब्रह्मपुर पुलिस कानून को अपना काम नहीं करने दे रही है।
मोहंती ने आरोप लगाया, ‘‘हालात इतने बिगड़ गए हैं कि जब मंत्री के प्रतिनिधि और ज़िला भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष ने ड्यूटी पर तैनात एक निरीक्षक पर कथित तौर पर हमला किया, तो पुलिस ने उन्हें अपेक्षाकृत हल्की धाराओं के तहत गिरफ़्तार किया।’’
हालांकि जेना ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
मंत्री पर निशाना साधते हुए मोहंती ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले जेना के भतीजे दीपक ने दिन-दहाड़े एक वकील और उनके परिवार पर हमला किया था, लेकिन पुलिस ने आरोपपत्र से उसका नाम हटा दिया।
मोहंती ने कहा, ‘‘मंत्री के एक और भतीजे, बिस्वजीत जेना को एक छात्र की आत्महत्या के चर्चित मामले में गिरफ़्तार किया गया था, लेकिन पुलिस ने आरोपी की तस्वीर सार्वजनिक नहीं की और अदालत में केस डायरी पेश न करके कथित तौर पर उसे ज़मानत दिलाने में मदद की।’’
भाषा
राजकुमार अविनाश
अविनाश

Facebook


