दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश, आईएमडी ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया

दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश, आईएमडी ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया

दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश, आईएमडी ने ‘येलो अलर्ट’ जारी किया
Modified Date: June 23, 2025 / 03:04 pm IST
Published Date: June 23, 2025 3:04 pm IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) दिल्ली में सोमवार को बारिश हुई जिससे दिल्लीवासियों को पिछले कुछ दिनों से जारी उमस भरे हालात से थोड़ी राहत मिली।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में बारिश, तेज हवाएं चलने तथा बादल गरजने के साथ बारिश की चेतावनी देते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया।

राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और सुबह साढ़े आठ बजे तक हवा में नमी का स्तर 74 प्रतिशत दर्ज किया गया।

आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहने का अनुमान है।

आईएमडी ने हल्की से मध्यम वर्षा, बिजली कड़कने, गरज के साथ बारिश और शाम एवं रात के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

राष्ट्रीय राजधानी के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए आईएमडी ने निवासियों को खासकर बाहरी गतिविधियों के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 96 रहा जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।

शून्य और 50 के बीच एक एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 और 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा सुरभि प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में