दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी: मौसम विभाग
दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी: मौसम विभाग
(तस्वीरों सहित)
नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान व्यक्त करते हुए शहर के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के पूर्वी, पश्चिमी, दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने अपने नवीनतम पूर्वानुमान में कहा कि अगले कुछ घंटे में दिल्ली में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग ने कहा कि अधिकतम तापमान के 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 72 प्रतिशत दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शनिवार सुबह 10 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 86 दर्ज किया गया, जो ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में आता है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 और 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।
भाषा यासिर देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


