राजस्थान : बांसवाड़ा में तेंदुए के हमले में 11 वर्षीय बच्चे की मौत
राजस्थान : बांसवाड़ा में तेंदुए के हमले में 11 वर्षीय बच्चे की मौत
जयपुर, 29 सितंबर (भाषा) राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के घाटोल क्षेत्र में सोमवार शाम पशुओं को लेने गए 11 वर्षीय बच्चे की तेंदुए के हमले में मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उपवन संरक्षक शैतान सिंह देवड़ा ने बताया कि घटना शाम करीब साढ़े छह बजे जगमेर जोगीमाल वन क्षेत्र के पास टीबुड़ी गांव (नेगरेड) में हुई। मृतक की पहचान विमल प्रसाद डामोर के 11 वर्षीय पुत्र रोहित के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि वन क्षेत्र के बिल्कुल पास रोहित का मकान है। सोमवार शाम को वह रोजाना की तरह बकरियों को जंगल में छोड़ने के बाद उन्हें वापस लेकर घर आ रहा था तभी झाड़ियों में घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे दबोच लिया।
शैतान सिंह ने कहा कि रोहित की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्हें अपनी ओर आता देख तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। परिजन रोहित को तत्काल घाटोल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उच्चाधिकारियों को घटना के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बच्चे का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
उपवन संरक्षक ने बताया कि परिजनों को आर्थिक मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही घटना के बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगवा दिया गया है।
भाषा बाकोलिया मनीषा सुरभि
सुरभि

Facebook


