नए खनन कानून व अन्य मुद्दों को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन ने आठ अक्टूबर को ओडिशा बंद का किया आह्वान
नए खनन कानून व अन्य मुद्दों को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन ने आठ अक्टूबर को ओडिशा बंद का किया आह्वान
भुवनेश्वर, 29 सितंबर (भाषा) नए खनन कानून को वापस लेने और दो अन्य मांगों को लेकर ‘इंडिया’ गठबंधन ने आठ अक्टूबर को ‘ओडिशा बंद’ का मंगलवार को आह्वान किया। इससे पहले गठबंधन के घटकों ने यहां मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के आवास के पास प्रदर्शन किया।
इस रैली में कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), भाकपा (माले) लिबरेशन, फॉरवर्ड ब्लॉक, राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (शरद पवार), समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जैसे सहयोगी दलों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारियों ने पहले विधानसभा का घेराव करने की योजना बनाई थी, लेकिन मानसून सत्र एक दिन पहले अनिश्चित काल के लिए स्थगित होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास की ओर रुख कर लिया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, ‘भाजपा सरकार ने खान एवं खनिज (विकास एवं नियमन) संशोधन विधेयक (एमएमडीआर), ‘वोट चोरी’ और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर हमारे सवालों का जवाब देने के बजाय विधानसभा को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया। लेकिन वे जनता के सवालों को स्थगित नहीं कर सकते। हम मुख्यमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन कर रहे हैं।’
जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने से रोका, तो उनकी सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़प हो गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुछ समर्थकों ने अवरोधक तोड़ दिए और गिरफ्तारी दी जबकि कई अन्य को कानून का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में लिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए भक्त चरण दास ने आठ अक्टूबर को राज्यव्यापी बंद की घोषणा की और लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


