मेरठ, आठ अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वाले एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मोदीपुरम में शनिवार को आयोजित मुख्यमंत्री के कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कार्यक्रम के दौरान मंच के सामने आसमान में ड्रोन उड़ता दिखाई दिया, जिससे पुलिस और सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में ले लिया और उसे उड़ा रहे युवक को हिरासत में ले लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान एक सरकारी ड्रोन और एक अन्य ड्रोन उड़ता दिखाई दिया।
उन्होंने बताया कि सरकारी ड्रोन पूर्व अनुमति से उड़ाया जा रहा था, जबकि दूसरे ड्रोन के लिए अनुमति नहीं ली गई थी।
पाण्डेय के अनुसार, दूसरे ड्रोन के दिखाई देने के तुरंत बाद सिटी स्वाट टीम ने उसकी पहचान की और उसे उड़ा रहे व्यक्ति को पकड़ लिया।
उन्होंने बताया कि हिरासत में लिया गया युवक मेडिकल थाना क्षेत्र का निवासी है।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवक ने खुलासा किया कि वह कांवड़ यात्रा के साथ-साथ मुख्यमंत्री के कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों को भी कवर करना चाहता था।
युवक ने ड्रोन उड़ाने से संबंधित नियमों की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ड्रोन और उसमें रिकॉर्ड की गई पूरी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया।
अधिकारी ने बताया कि ड्रोन की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है और ड्रोन उड़ाने से संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि युवक के सोशल मीडिया खातों की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जांच पूरी करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र