जयपुर, 24 सितंबर (भाषा) राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में पुलिस ने तीन ट्रकों से 1,839 किलोग्राम गांजा जब्त कर सात कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब चार करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि गांजे को 59 बोरियों में रखे 515 पैकेट में छिपाया गया था। इसे दो ट्रकों में पेंट की बाल्टियों के बीच और तीसरे ट्रक में नर्सरी के पौधों के बीच छिपाकर रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब 1,500 किलोमीटर की यात्रा कर तीन राज्यों से होते हुए गांजे की खेप लेकर चित्तौड़गढ़ पहुंचे थे।
सूचना के आधार पर पुलिस दल ने नीमच-चित्तौड़गढ़ राजमार्ग पर आहिरपुरा के पास तीनों ट्रकों को रोक लिया। ट्रकों में सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान 1,839 किलोग्राम गांजा बरामद किया और तीनों ट्रकों को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगदीश जाट (35), सुरेश रैगर (26), बंशीलाल जाट (37), राजकुमार उर्फ राजू मेवाड़ा कलाल (40), सद्दाम शेख (39), राजमल उर्फ राजू जाट (30) और दिनेश लोहार (30) के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि गांजे की खेप के स्रोत और उसके गंतव्य का पता लगाया जा सके तथा तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत