राजस्थान: 30 वर्षीय महिला के सिर से चार किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकाला गया
राजस्थान: 30 वर्षीय महिला के सिर से चार किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकाला गया
जयपुर, तीन अप्रैल (भाषा) राजस्थान के जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग ने एक जटिल ऑपरेशन के जरिये 30 वर्षीय एक महिला के सिर से चार किलोग्राम वजनी ट्यूमर निकालने में सफलता हासिल की। चिकित्सकों ने रविवार को यह जानकारी दी।
प्लास्टिक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. आर.के. जैन ने बताया कि यह ऑपरेशन ट्यूमर के असाधारण आकार, जटिल स्थिति, मस्तिष्क और महत्वपूर्ण नसों से जुड़े होने के कारण अत्यंत चुनौतीपूर्ण था।
उन्होंने बताया कि कृष्णा नाम की महिला लंबे समय से इस ट्यूमर से पीड़ित थी, जिसका आकार उसके सिर से लगभग दोगुना हो चुका था।
चिकित्सकों ने बताया कि ट्यूमर के कारण उसे चलने-फिरने में भी कठिनाई हो रही थी।
डॉ. जैन ने बताया कि मरीज ने कई बड़े अस्पतालों में परामर्श लिया लेकिन ट्यूमर की जटिलता और खोपड़ी की हड्डियों को पार कर उसके मस्तिष्क तक पहुंच जाने के कारण अधिकांश स्थानों पर ऑपरेशन से मना कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि बाद में मरीज को एसएमएस अस्पताल लाया गया, जहां न्यूरोसर्जरी विभाग ने मामले को प्लास्टिक सर्जरी विभाग को संदर्भित किया और यहां विशेषज्ञों की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर ट्यूमर को निकाल दिया।
डॉ. जैन के अनुसार, यह सर्जरी अत्यंत जटिल थी लेकिन टीम के बेहतर समन्वय और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से इसे सफल बनाया गया।
उन्होंने बताया कि फिलहाल मरीज खतरे से बाहर है और उसकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


