राजस्थान: प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को लेकर आंदोलनकारियों और प्रशासन के बीच बनी सहमति
राजस्थान: प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को लेकर आंदोलनकारियों और प्रशासन के बीच बनी सहमति
जयपुर, 28 मई (भाषा) भैराणा धाम के निकट प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को लेकर जारी विवाद में संघर्ष समिति और प्रशासन के बीच बुधवार देर रात सहमति बनने के बाद, आंदोलनकारियों ने राजधानी जयपुर की ओर अपना प्रस्तावित कूच वापस ले लिया।
राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम लिमिटेड (रीको) भैराणा धाम के पास एक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करना चाहता है। संत समाज व अन्य लोग इसके विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के प्रमुख और सांसद हनुमान बेनीवाल ने बुधवार रात प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र के विरोध में जयपुर की ओर कूच का नेतृत्व किया।
हालांकि, देर रात अधिकारियों ने आंदोलनकारियों की चिंताओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद यह कूच वापस ले लिया गया।
इससे पहले, आंदोलन स्थल पर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच दिन भर बातचीत जारी रही। इसके बेनतीजा रहने पर आंदोलनकारियों ने बेनीवाल की अगुवाई में जयपुर की ओर कूच करने की घोषणा की। पुलिस ने उन्हें अवरोधक लगाकर मौखमपुरा मोड़ के पास रोक दिया, जिसके बाद अधिकारियों और आंदोलन समिति के प्रतिनिधियों के बीच फिर से बातचीत हुई।
बेनीवाल ने कहा कि इस बात पर सहमति बनी कि भैराणा में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र को फिर से डिजाइन किया जाएगा और इस मामले की जांच के लिए प्रशासनिक अधिकारियों तथा संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों की समिति गठित की जाएगी। समिति एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी और उसे एक महीने के भीतर सरकार को सौंपेगी।
देर रात हुई बातचीत में प्रशासन की ओर से पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश और जयपुर के कलेक्टर संदेश नायक ने भाग लिया।
भाषा पृथ्वी
सुभाष
सुभाष

Facebook


