राजस्थान: रणथंभौर टाइगर रिजर्व के पास एक और तेंदुआ पकड़ा गया
राजस्थान: रणथंभौर टाइगर रिजर्व के पास एक और तेंदुआ पकड़ा गया
जयपुर, 18 जुलाई (भाषा) रणथंभौर टाइगर रिज़र्व के पास फालोदी आवासीय इलाके से एक और तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ा गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि उन्होंने कई बार इलाके में तेंदुआ देखे जाने की सूचना दी थी।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेंदुए को सुरक्षित रूप से पकड़ने का अभियान 17 जुलाई की रात को चलाया गया। इलाके में तेंदुए की लगातार आवाजाही को देखते हुए शुरू की गई निगरानी और गश्त के तहत यह काम किया गया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए टीमें पिछले कुछ दिनों से चौबीसों घंटे निगरानी और सघन गश्त कर रही थीं। योजना बनाकर चलाए गए अभियान के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
इस अभियान में सहायक वन संरक्षक अजय, रेंज अधिकारी राज बहादुर और अन्य स्टाफ़ सदस्यों सहित वन विभाग के कर्मचारी शामिल थे। इससे पहले बृहस्पतिवार को भी इस इलाके से दो तेंदुओं को पकड़कर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा गया था।
भाषा पृथ्वी वैभव
वैभव

Facebook


