राजस्थान : सिविल सेवा परीक्षा में अव्वल रहे अनुज ने परिवार को दिया सफलता का श्रेय

राजस्थान : सिविल सेवा परीक्षा में अव्वल रहे अनुज ने परिवार को दिया सफलता का श्रेय

राजस्थान : सिविल सेवा परीक्षा में अव्वल रहे अनुज ने  परिवार को दिया सफलता का श्रेय
Modified Date: March 6, 2026 / 08:58 pm IST
Published Date: March 6, 2026 8:58 pm IST

जयपुर, छह मार्च (भाषा) संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले अनुज अग्निहोत्री ने इस सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया है।

इस परीक्षा में अनुज के अव्वल रहने की खबर मिलते ही चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा में उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया और खुशी व जश्न का माहौल बन गया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अनुज को बधाई दी है।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) -जोधपुर से एमबीबीएस स्नातक अनुज ने परीक्षा का परिणाम आने के बाद कहा, ‘ इस उपलब्धि पर बहुत खुश हूं। बहुत ज्यादा अच्छा महसूस कर रहा हूं। अभी थोड़ा समय लग रहा है इसे ‘प्रोसेस’ करने में।”

घर में जारी जश्न के बीच जब उनसे उनकी प्रेरणा के बारे में पूछा गया तो अनुज ने कहा,”प्रेरणा पूरा परिवार है जिसने हमेशा साथ दिया है। जिसने हमेशा मुझे, मेरी परीक्षा व मेरी मेहनत को ‘प्राथमिकता’ दी। उसी को मैं श्रेय देना चाहूंगा।”

उन्होंने कहा, ‘परिवार ने सुनिश्चित किया कि मैं परीक्षा पर ही ‘फोकस’ करूं। मेरी उपलब्धि परिवार को समर्पित है।”

अनुज की सिविल सेवा परीक्षा के लिए यह तीसरी कोशिश थी। पहले प्रयास में उन्हें ‘अन्य सेवा’ मिली थी। उन्होंने कहा कि यह उनकी तीसरी कोशिश थी और इसका परिणाम कड़ी मेहनत और पक्के इरादे का नतीजा था।

उनके पिता के.बी. अग्निहोत्री राजस्थान परमाणु बिजलीघर में सुपरवाइजर हैं। उन्होंने परिणाम पर खुशी जताते हुए इस कामयाबी को अनुज की कड़ी मेहनत का नतीजा बताया।

उन्होंने कहा, “वह शुरू से ही पढ़ाई में बहुत अच्छा रहा है।”

अनुज ने रावतभाटा में स्कूल की पढ़ाई पूरी की और फिर एमबीबीएस करने के लिए जोधपुर चले गए। उन्होंने 2023 में एमबीबीएस पूरा किया।

अनुज के चाचा महेश अग्निहोत्री ने कहा कि एमबीबीएस के बाद अनुज ने अपना पूरा ध्यान यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर लगा दिया।

महेश अग्निहोत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “अनुज पढ़ाई में हमेशा से तेज और ईमानदार रहा। यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए उसने खुद को एक कमरे में ही सीमित कर लिया। वह सोशल मीडिया और दूसरी ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूर रहा। उसका पूरा ध्यान सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर था।”

उन्होंने कहा, “हमारे परिवार में पहले से ही डॉक्टर और इंजीनियर हैं लेकिन भारतीय प्रशासनिक सेवा का अधिकारी बनने वाले अनुज पहले हैं।”

अनुज का परिवार मूल रूप से कोटा का रहने वाला है। अनुज के पिता की नौकरी की वजह से यह परिवार रावतभाटा में रहता है।

अनुज के बड़े भाई अंशुल अग्निहोत्री बीटेक के बाद हैदराबाद में काम करते हैं जबकि उनकी मां गृहिणी हैं।

कोटा-बूंदी लोकसभा सीट से सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री शर्मा ने इस उलपब्धि के लिए अनुज को बधाई दी।

बिरला ने कहा, “यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा -2025 में सफल हुए सभी अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई। इस परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले राजस्थान के प्रतिभावान युवा डॉ. अनुज अग्निहोत्री को विशेष बधाई तथा उज्ज्वल भविष्य की अनेक शुभकामनाएं। निश्चय ही आपकी यह सफलता प्रदेश और देश के करोड़ों नौजवानों के लिए प्रेरक बनेगी।”

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि अनुज ने सिविल सेवा परीक्षा में पहला स्थान पाकर राजस्थान का मान बढ़ाया है।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा,”यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा-2025 में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश का मान बढ़ाने वाले राजस्थान के सपूत अनुज अग्निहोत्री को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं! आपकी यह अभूतपूर्व उपलब्धि राज्य के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी।”

भाषा

पृथ्वी

रवि कांत


लेखक के बारे में